MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि के आसार ठंड बढ़ने की संभावना। इन दिनों प्रदेश में ठंड और कोहरे के बीच बादल, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। बुधवार को राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात का तापमान बढ़ गया। भोपाल में दिन का तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में इस सीजन की पहली शीतलहर का असर दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों में 10 से अधिक जिलों में हल्की बारिश हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में 28 दिसंबर तक मौसम बदला हुआ रहेगा।
यह भी पढ़े- Gold Silver Price: साल के अंत में सोने-चांदी की कीमतों में उछाल, जानें ताजे रेट
27 दिसंबर को सबसे ज्यादा असरदार रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर को प्रदेश में मौसम का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। 28 दिसंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान अगले 5 दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी, लेकिन ठंडी हवाएं रातों को और ठंडा बनाएंगी। जनवरी के महीने से मौसम फिर बदल जाएगा और तापमान में गिरावट के साथ ठंड और कोहरे का असर और बढ़ेगा।
26 दिसंबर तक ऐसा रहेगा मौसम
- 25 दिसंबर: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में कोहरे की संभावना।
- 26 दिसंबर: इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, छतरपुर, सागर, दमोह, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, विदिशा, रायसेन, झाबुआ, सीहोर, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, राजगढ़, खरगोन, मंदसौर, धार, नीमच, रतलाम, बड़वानी, अलीराजपुर जैसे जिलों में बारिश की संभावना।
मौसम बदलने का कारण
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी और अरब सागर से नमी तथा बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवाओं का आगमन होगा। इसी कारण राज्य में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। 27 दिसंबर से उत्तर भारत में एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ पहुंचेगा, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
जनवरी में ठंड का और बढ़ेगा असर
जनवरी में मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान गिरने के साथ शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा। फिलहाल, प्रदेश में बदलते मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।